महासमुंद। जिले में स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था परखने के लिए परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। जिला परिवहन अधिकारी प्रतीक शुक्ला के मार्गदर्शन में सोमवार को महासमुंद स्थित रीवरडेल इंटरनेशनल स्कूल और वेडनर स्कूल की स्कूल बसों का निरीक्षण किया गया।

जांच के दौरान अधिकारियों ने स्कूल बसों के दस्तावेज, सुरक्षा उपकरण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का परीक्षण किया। निरीक्षण में दो स्कूल बसों में आवश्यक मानकों से जुड़ी कमियां मिलने पर संबंधित स्कूल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने निर्धारित समय के भीतर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए हैं।

अभियान के दौरान यह भी देखा गया कि किसी भी स्कूली छात्र को दोपहिया वाहन चलाते हुए नहीं पाया गया। जिला परिवहन अधिकारी ने स्कूल प्रबंधन को निर्देशित किया कि 16 वर्ष या उससे अधिक आयु के विद्यार्थियों को वाहन चलाने की अनुमति तभी दी जाए, जब उनके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस हो और वे हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।