नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को पार्टी की 65 सदस्यीय नई राष्ट्रीय टीम के साथ पहली बैठक की। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में हुई बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों से लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और युवाओं को पार्टी से जोड़ने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में केंद्र सरकार और भाजपा शासित राज्यों की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने और उनके प्रभावी प्रचार-प्रसार को लेकर भी मंथन किया गया।
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर
बैठक में पार्टी के जमीनी संगठन को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। आगामी चुनावों को देखते हुए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और ज्यादा से ज्यादा युवाओं को संगठन से जोड़ने की रणनीति पर चर्चा हुई।
बैठक की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के सभी छह अंतरों के गायन के साथ हुई। इसके बाद संगठन और आगामी चुनावी तैयारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
209 दिन बाद घोषित हुई थी नई राष्ट्रीय टीम
नितिन नवीन ने भाजपा अध्यक्ष बनने के 209 दिन बाद 17 अगस्त को 65 सदस्यीय नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा की थी। इसमें 51 नए चेहरों को जगह दी गई है। टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और आठ राष्ट्रीय महासचिव शामिल हैं।
अगले साल विधानसभा चुनाव वाले उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात और पंजाब से कुल 18 नेताओं को राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है। इनमें उत्तर प्रदेश से आठ, उत्तराखंड और गुजरात से चार-चार तथा पंजाब से दो नेता शामिल हैं।
स्मृति ईरानी और राम माधव की वापसी
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में स्मृति ईरानी और राम माधव की वापसी को अहम माना जा रहा है। वहीं, वसुंधरा राजे, बैजयंत पांडा और तीरथ सिंह रावत जैसे अनुभवी नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं।
पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और बीएल संतोष को संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी पर बरकरार रखा गया है। वहीं, अमित मालवीय की जगह दीपक म्हास्के को भाजपा आईटी सेल की जिम्मेदारी दिए जाने की बात कही गई है।
राष्ट्रीय टीम में 12 महिलाओं को मिली जगह
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में 12 महिलाओं को शामिल किया गया है। वसुंधरा राजे, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन दोशी, डॉ. भारती पवार और डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। कविता पाटीदार, फांग्नोन कोन्यक और संगीता यादव को राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। नई टीम में उत्तर प्रदेश से तीन और महाराष्ट्र से दो महिला नेताओं को स्थान मिला है।





