बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में जंगली मशरूम खाने से दो बच्चों समेत नौ लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। सभी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि सभी का इलाज जारी है।
जंगली मशरूम खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, नौ लोगों ने जंगली मशरूम (स्थानीय भाषा में पुटु/खुखड़ी) का सेवन किया था। कुछ ही देर बाद सभी को उल्टी, चक्कर और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होने लगीं। परिजनों ने सभी को तत्काल वाड्राफनगर सिविल अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल किया गया रेफर
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी मरीजों को बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। अस्पताल में उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दो मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य की स्थिति पर भी डॉक्टर लगातार नजर रखे हुए हैं।
डॉक्टरों की लोगों से अपील
बीएमओ डॉ. हेमंत दीक्षित ने बताया कि सभी मरीजों का उपचार किया जा रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बारिश के मौसम में जंगलों से मिलने वाले जंगली मशरूम या पुटु (खुखड़ी) का सेवन करने से बचें, क्योंकि इनमें से कई प्रजातियां जहरीली होती हैं और जानलेवा साबित हो सकती हैं।





