प्रदेशभर में शुरू हुई डायल-112 की नई सेवा, रायपुर में 54 आधुनिक इमरजेंसी वाहन रवाना
रायपुर। नागरिक सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं तकनीक आधारित बनाने की दिशा में बुधवार को रायपुर पुलिस परेड ग्राउंड में ‘डायल-112 फेस-2 नेक्स्ट जनरेशन’ सेवा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर 54 नए इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहनों को शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना किया।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पहले डायल-112 सेवा प्रदेश के केवल 16 जिलों तक सीमित थी, लेकिन अब इसे विस्तार देते हुए सभी 33 जिलों में लागू कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र के लिए 33 ईआरवी (इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल) और ग्रामीण क्षेत्र के लिए 21 ईआरवी उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के लिए चार विशेष हाईवे पेट्रोलिंग वाहन भी तैनात किए गए हैं।





