नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के बीच मंगलवार को सियासी टकराव और तेज हो गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के समर्थन में एनडीए सांसदों ने संसद परिसर में मकर द्वार की ओर मार्च किया। इस दौरान सांसदों ने विपक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए झारखंड में प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए।

एनडीए सांसदों ने आरोप लगाया कि विपक्ष संसद में लगातार हंगामा कर कार्यवाही बाधित कर रहा है, जबकि सरकार विभिन्न मुद्दों पर चर्चा और जवाब देने के लिए तैयार है। भाजपा नेताओं ने झारखंड में छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और वाटर कैनन के इस्तेमाल का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस से जवाब मांगा।

संजय जायसवाल बोले- हर चर्चा के लिए तैयार है सरकार

भाजपा सांसद संजय जायसवाल ने विपक्ष पर सदन की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, इसके बावजूद राहुल गांधी चर्चा नहीं होने दे रहे हैं। बार-बार सदन की कार्यवाही बाधित किए जाने के विरोध में एनडीए सांसदों ने मार्च निकाला है।

अनुराग ठाकुर ने उठाया झारखंड के युवाओं का मुद्दा

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने झारखंड में प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं को न्याय मिलना चाहिए। जिस तरह छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की गई, उस पर कांग्रेस और उसके सहयोगियों को जवाब देना चाहिए।

ठाकुर ने आरोप लगाया कि एक तरफ विपक्ष केंद्रीय गृह मंत्री से जवाब मांग रहा है, वहीं दूसरी तरफ राहुल गांधी खुद सदन में मौजूद नहीं रहते। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री जवाब देने के लिए तैयार हैं, लेकिन विपक्ष चर्चा के बजाय राजनीतिक बयानबाजी कर रहा है।

उन्होंने कांग्रेस पर छात्रों के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब युवाओं को न्याय दिलाने की बात आती है तो कांग्रेस और उसके सहयोगी पीछे हट जाते हैं।

जगदंबिका पाल ने पूछा- झारखंड की घटना पर विपक्ष चुप क्यों?

भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने भी झारखंड की घटना को लेकर विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि रांची में प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने छात्रों पर लाठीचार्ज किया और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, लेकिन इस मामले में विपक्ष चुप है।

उन्होंने आरोप लगाया कि संसद में हंगामा करने वाले विपक्षी नेता झारखंड में छात्रों के साथ हुई कार्रवाई पर सवाल उठाने से बच रहे हैं।

चिराग पासवान बोले- विपक्ष बार-बार बदल रहा मुद्दा

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि विपक्ष पूरे सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही बाधित करता रहा है। सरकार जब चर्चा के लिए तैयार होती है तो विपक्ष अपना मुद्दा बदल देता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कभी विपक्ष एक विषय पर चर्चा की मांग करता है और फिर दूसरे मुद्दे पर जवाब मांगने लगता है। इससे संसद के कामकाज को नुकसान पहुंच रहा है।

बांसुरी स्वराज ने राहुल गांधी को घेरा

भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि झारखंड के छात्र जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि कांग्रेस झारखंड की सत्तारूढ़ गठबंधन सरकार में शामिल है।

उन्होंने कहा कि छात्रों को केवल राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई चाहिए।

संसद परिसर में सत्ता पक्ष-विपक्ष आमने-सामने

झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई का मामला अब संसद की राजनीति का बड़ा मुद्दा बन गया है। एनडीए सांसदों ने इसे लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया है। वहीं, संसद में विभिन्न मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जारी गतिरोध के बीच एनडीए सांसदों के मार्च से राजनीतिक टकराव और तेज हो गया है।