दंतेवाड़ा। जिले में चलाए जा रहे एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बारसूर थाना क्षेत्र के कोहकाबेड़ा-बुरदूम के बीच जंगल और पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों का एक डंप मिला। यहां से AK-47, INSAS राइफल, BGL लॉन्चर, कुकर बम, टिफिन बम और बड़ी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया है।
आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली थी सूचना
पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली जानकारी के आधार पर इलाके में सर्चिंग अभियान शुरू किया गया था। जिला बल, DRG, बस्तर फाइटर्स और CRPF की संयुक्त टीम 5 अक्टूबर से मंगनार, बुरदूम, तोड़मा और कोहकाबेड़ा क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन कर रही थी। इसी दौरान 6 अक्टूबर की सुबह करीब 6:30 बजे जंगल में छिपाकर रखा गया डंप मिला।
AK-47 और INSAS समेत कई हथियार बरामद
एसपी चंद्रमोहन सिंह के मुताबिक, डंप से एक AK-47 राइफल, मैगजीन और 23 राउंड, एक INSAS राइफल और मैगजीन, छह भरमार बंदूकें और एक BGL लॉन्चर बरामद किया गया। इसके अलावा BGL के 9 शेल, 5 अन्य BGL राउंड और 315 बोर के 138 राउंड भी मिले हैं।
8 कुकर बम और 4 टिफिन बम मिले
डंप में विस्फोटक सामग्री भी बड़ी मात्रा में रखी गई थी। सुरक्षा बलों ने यहां से 8 कुकर बम, 4 टिफिन बम, करीब 20 मीटर कॉडेक्स वायर और 24 पिस्टन रॉड स्प्रिंग बरामद किए।
वॉकी-टॉकी और नक्सली वर्दी भी मिली
सर्चिंग के दौरान जवानों को वॉकी-टॉकी सेट, तीर बम, दो इन्वर्टर, एक मल्टीमीटर और दो जोड़ी नक्सली वर्दी भी मिली। बरामद सामग्री को सुरक्षा मानकों के तहत कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
पुलिस का कहना है कि मजबूत इंटेलिजेंस इनपुट और सूचना नेटवर्क के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सुरक्षा बलों को अन्य इलाकों में भी नक्सली डंप होने की सूचनाएं मिल रही हैं, जिनका सत्यापन किया जा रहा है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान जारी है।





