कवर्धा। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत दलदली से मेन रोड, खरिया होते हुए अगरी (बी) तक करोड़ों रुपये की लागत से बनाई गई सड़क पहली ही बारिश में अपनी गुणवत्ता की परीक्षा में फेल होती दिखाई दे रही है। निर्माण के महज दो महीने बाद ही सड़क कई स्थानों पर उखड़ने लगी है। हालात ऐसे हो गए कि सड़क पर एक ट्रक तक धंस गया, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों तक बेहतर और सुरक्षित आवागमन का दावा करने वाली यह सड़क पहली ही बरसात में जवाब दे गई। कई जगह डामर पापड़ की तरह टूटकर बिखर रहा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क क्षतिग्रस्त होने से दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई, जिसके कारण सड़क इतनी जल्दी खराब हो गई। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा गुणवत्ता के अनुरूप सड़क का दोबारा निर्माण या मरम्मत कराने की मांग की है।
विभाग की चुप्पी बरकरार
फिलहाल इस मामले में संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। विभाग का पक्ष मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।





