रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार सरगुजा, बिलासपुर और रायपुर संभाग के कुछ हिस्सों से मानसून लौटने लगा है। इसके साथ ही प्रदेश के मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल सकता है। दिन में गर्मी बढ़ेगी, जबकि रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने के आसार हैं।

दिन का पारा 34 डिग्री तक पहुंचा

मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने और बादल कम होने से प्रदेश के कई इलाकों में दिन का तापमान बढ़ने लगा है। कई स्थानों पर अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। रायपुर में भी मौसम साफ रहने का अनुमान है और अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री रह सकता है।

हवा का रुख बदलने से बढ़ेगी शुष्कता

मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की वापसी के साथ हवा का रुख भी बदलने लगेगा। वातावरण में नमी कम होने से शुष्कता बढ़ेगी। इसका असर दिन और रात के तापमान पर अलग-अलग दिखाई देगा। दिन में धूप और गर्मी का प्रभाव बढ़ सकता है, वहीं रात में हल्की ठंडक महसूस होने लगेगी।

सामान्य से अधिक हुई बारिश

इस मानसून सीजन में छत्तीसगढ़ में सामान्य से करीब 53 मिलीमीटर अधिक बारिश दर्ज की गई है। सितंबर में भी प्रदेश में सामान्य से लगभग 34 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई। अच्छी बारिश के बाद अब मानसून की वापसी की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

फिलहाल मौसम का कोई बड़ा अलर्ट नहीं

मौसम विभाग ने फिलहाल प्रदेश के किसी भी जिले के लिए बारिश या अन्य मौसम संबंधी बड़ा अलर्ट जारी नहीं किया है। आने वाले दिनों में मौसम सामान्य तौर पर साफ और शुष्क रह सकता है, हालांकि स्थानीय परिस्थितियों के कारण कुछ स्थानों पर बादल छाने या हल्की बारिश की संभावना बनी रह सकती है।