रायपुर। रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति को रायपुर में आयोजित होने वाले नुआखाई पर्व में शामिल होने का निमंत्रण दिया। विधायक ने राष्ट्रपति को छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और नुआखाई पर्व के सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी भी दी।


राष्ट्रपति को बताया नुआखाई पर्व का महत्व

विधायक पुरंदर मिश्रा ने बताया कि नुआखाई केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि नई फसल के स्वागत, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, पारिवारिक एकजुटता और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। भगवान श्री जगन्नाथ की परंपरा से जुड़े इस पर्व का छत्तीसगढ़ में विशेष सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को नुआखाई पर्व में शामिल होने का आमंत्रण देना उनके लिए गौरव और सौभाग्य की बात है। राष्ट्रपति की उपस्थिति से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और भगवान श्री जगन्नाथ से जुड़ी भक्ति परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।


रायपुर के श्री जगन्नाथ मंदिर में होगा आयोजन

विधायक मिश्रा के मुताबिक, नुआखाई पर्व लोगों को अपनी मिट्टी, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने वाला उत्सव है। रायपुर के श्री जगन्नाथ मंदिर में आयोजित होने वाला यह पर्व श्रद्धा, संस्कृति और सामाजिक समरसता का संगम होगा।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के इस आयोजन में शामिल होने से न केवल नुआखाई पर्व की गरिमा बढ़ेगी, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं का संदेश भी देशभर तक पहुंचेगा।