अंबिकापुर। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत सरगुजा संभाग के श्रद्धालुओं को लेकर भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन रवाना की गई। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया और तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं दीं।
करीब 800 श्रद्धालु तीर्थ यात्रा पर रवाना
योजना के तहत सरगुजा संभाग के करीब 800 श्रद्धालु उज्जैन, ओंकारेश्वर और महाकालेश्वर के दर्शन के लिए रवाना हुए। इनमें अंबिकापुर जिले के भी बड़ी संख्या में दर्शनार्थी शामिल रहे। रेलवे स्टेशन पर तीर्थयात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
बुजुर्ग, दिव्यांग और महिलाओं को मिल रहा लाभ
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का उद्देश्य ऐसे लोगों को धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर देना है, जो विभिन्न कारणों से स्वयं तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते। योजना का लाभ बुजुर्गों के साथ दिव्यांगजनों, विधवा और परित्यक्ता महिलाओं को भी दिया जा रहा है।
यात्रियों से ट्रेन में जाकर की मुलाकात
मंत्री राजवाड़े ने ट्रेन में सवार श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उनके सुखद एवं सुरक्षित सफर की कामना की। उन्होंने कहा कि तीर्थ यात्रा केवल धार्मिक आस्था से ही नहीं, बल्कि लोगों को संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का भी माध्यम है।
सरगुजा के बाद सूरजपुर और बैकुंठपुर से भी जुड़े यात्री
अंबिकापुर से सरगुजा और बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के श्रद्धालु रवाना हुए। इसके बाद सूरजपुर रेलवे स्टेशन से सूरजपुर जिले और बैकुंठपुर स्टेशन से कोरिया तथा एमसीबी जिले के दर्शनार्थी भी यात्रा में शामिल हुए।





