राजनांदगांव। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर खनिज विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में विभाग की टीम ने राजनांदगांव विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाते हुए अवैध मुरूम उत्खनन में लगी एक जेसीबी और एक माजदा वाहन को जब्त किया।

खनिज विभाग की टीम ने ग्राम ठेलकाडीह, घुमका, चारभाठा, धौराभाठा, कुहुआकुडा, तिलई, डुमरडीहकला समेत आसपास के इलाकों में आकस्मिक निरीक्षण किया। जांच के दौरान ग्राम कुहुआकुडा में बिना अनुमति मुरूम का उत्खनन और परिवहन करते हुए दो वाहनों को पकड़ा गया।

विभाग के अनुसार, पूरन लाल के स्वामित्व वाली जेसीबी (क्रमांक सीजी 08 एएम 7858) से चालक खिलेश सिन्हा मुरूम का उत्खनन कर रहा था। वहीं, होरीलाल के स्वामित्व वाले माजदा वाहन (क्रमांक सीजी 24 वी 6723) से चालक कमलेश यादव मुरूम का परिवहन करते पाया गया। दोनों वाहनों को मौके पर जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए ठेलकाडीह थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अवैध उत्खनन किसके निर्देश पर और किस उद्देश्य से किया जा रहा था।

प्रशासन का कहना है कि जिले में खनिज संपदा के अवैध दोहन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और शासन के राजस्व की सुरक्षा को देखते हुए अवैध खनन, भंडारण और परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

कलेक्टर जितेंद्र यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी और निरीक्षण किया जाए। इसके लिए खनिज विभाग की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं।

खनिज विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन या खनिजों के अवैध परिवहन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि रेत, मुरूम, गिट्टी सहित किसी भी खनिज के अवैध उत्खनन और परिवहन पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।