मनेंद्रगढ़। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत नवविवाहिताओं को वितरित किए गए मंगलसूत्रों को लेकर मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में विवाद गहरा गया है। कई महिलाओं ने आरोप लगाया है कि उन्हें चांदी के बजाय कम गुणवत्ता वाली धातु से बने मंगलसूत्र दिए गए हैं। इस संबंध में कलेक्टर से शिकायत कर जांच की मांग की गई है।

मंगलसूत्र का रंग बदलने पर उठे सवाल

जानकारी के अनुसार, अंजना दयाल सहित चार नवविवाहिताओं ने शिकायत में बताया कि सामूहिक विवाह समारोह के दौरान मिले मंगलसूत्रों के पेंडेंट कुछ ही समय बाद काले पड़ने लगे। इससे उन्हें संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने इसकी जांच कराई। जांच में मंगलसूत्र के चांदी का नहीं होने की बात सामने आने का दावा किया गया।

जांच और कार्रवाई की मांग

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि योजना के तहत गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराने का दावा किया जाता है, लेकिन वितरित मंगलसूत्रों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। महिलाओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा उचित सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रशासन की ओर से शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है।