सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शादी का झूठा वादा कर युवती से दुष्कर्म और उसके आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
सोशल मीडिया पर हुई थी पहचान
यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, युवती की पहचान कुछ समय पहले सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपी से हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा दिलाकर युवती का विश्वास जीता।
शादी का भरोसा देकर किया शारीरिक शोषण
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने विवाह का आश्वासन देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान उसने कथित तौर पर युवती के आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिए।
आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर किया साझा
शिकायत के मुताबिक बाद में आरोपी ने युवती के आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर दिए। इसकी जानकारी मिलने पर पीड़िता और उसके परिजन स्तब्ध रह गए। इसके बाद पीड़िता ने कोतवाली थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
महाराष्ट्र से हुई गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार देवांगन ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।





