सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रतापपुर थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की बाइक पर बोरी में गांजा ले जा रहे एक तस्कर को गिरफ्तार किया। जब्त किए गए गांजे की कीमत करीब चार लाख रुपये आंकी गई है।

वाहन जांच के दौरान खुला मामला

पुलिस के अनुसार, गोटगवां क्षेत्र में नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध बाइक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। बाइक पर रखी सफेद बोरी की जांच करने पर उसमें गांजा मिला। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ओडिशा से गांाजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था।

तौल करने पर बरामद गांजे का वजन 8 किलो 305 ग्राम निकला। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमेशचंद्र निषाद (39), निवासी बांदा जिला, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। तस्करी में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त कर ली गई है।

फरार साथी की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।