भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई स्थित स्मृतिनगर थाना क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक महिला से 10.55 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मामला पीड़िता स्वेच्छा रानी की शिकायत पर दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2022 में कोविड-19 महामारी के दौरान वह जुनवानी स्थित शंकराचार्य अस्पताल में कार्यरत थीं। इसी दौरान आरोपी बिज्जू चंद्रा ने स्वास्थ्य विभाग में अपनी अच्छी पहुंच होने का दावा करते हुए शासकीय चंदूलाल चंद्राकर अस्पताल और जिला अस्पताल दुर्ग में नर्सिंग स्टाफ के पद पर सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया।
आरोप है कि नौकरी लगवाने के नाम पर आरोपी ने पीड़िता से अलग-अलग किश्तों में कुल 10,55,698 रुपये ले लिए। काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो नौकरी मिली और न ही रकम लौटाई गई। इसके बाद पीड़िता ने स्मृतिनगर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने कथित तौर पर अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और बैंक पासबुक भी जब्त की है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।





