रायगढ़। छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक स्तर पर बदलाव का क्रम जारी है। इसी कड़ी में रायगढ़ पुलिस महकमे में व्यापक फेरबदल किया गया है। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह ने कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 16 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं।

जारी आदेश के अनुसार 6 निरीक्षक, 3 उप निरीक्षक (एसआई), 4 सहायक उप निरीक्षक (एएसआई), 1 प्रधान आरक्षक और 2 आरक्षक को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई थाना प्रभारियों की नई तैनाती की गई है, जबकि कुछ अधिकारियों को पुलिस कार्यालय और अन्य शाखाओं में पदस्थ किया गया है।

एसएसपी कार्यालय से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह बदलाव पुलिस व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित, जवाबदेह और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है। अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे शीघ्र ही अपने नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें।

रायगढ़ पुलिस में हुए इस फेरबदल को जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम माना जा रहा है।