गरियाबंद। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी तबादला आदेश के तहत कुल 9 पुलिसकर्मियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनमें 2 निरीक्षक, 2 उपनिरीक्षक, 1 सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) और 4 प्रधान आरक्षक शामिल हैं। सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, निरीक्षक डोमेंद्र सिन्हा को मैनपुर थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि निरीक्षक भोगराज ध्रुव को अमलीपदर थाना की कमान सौंपी गई है। इसी तरह उपनिरीक्षक दिलीप मेश्राम को इंदागांव थाना प्रभारी बनाया गया है, वहीं उपनिरीक्षक जितेंद्र विजयवार को पिपरछेड़ी थाना का प्रभार सौंपा गया है।
इसके अलावा एक सहायक उपनिरीक्षक और चार प्रधान आरक्षकों का भी स्थानांतरण किया गया है। पुलिस मुख्यालय के अनुसार यह प्रशासनिक बदलाव विभागीय आवश्यकता और जिले में पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने की दृष्टि से किया गया है।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर द्वारा जारी आदेश के बाद सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं। माना जा रहा है कि नए थाना प्रभारियों की तैनाती से संबंधित क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण को गति मिलेगी, कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निराकरण में भी सहायता मिलेगी।





