गरियाबंद। जिले के पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। नई पदस्थापना के तहत तीन पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। जारी आदेश के अनुसार सभी नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं।
उप-निरीक्षक जयप्रकाश नेताम को थाना प्रभारी फिंगेश्वर के पद से हटाकर रक्षित केंद्र से संबद्ध साइबर सेल, फिंगेश्वर क्षेत्र में भेजा गया है। वहीं प्रशिक्षु उप-निरीक्षक हेमंत कुमार साहू को थाना फिंगेश्वर से नई जिम्मेदारी देते हुए थाना प्रभारी फिंगेश्वर बनाया गया है।
इसके अलावा सहायक उप-निरीक्षक जीवन लाल साहू का भी तबादला किया गया है। उन्हें रक्षित केंद्र गरियाबंद से स्थानांतरित कर थाना देवभोग में पदस्थ किया गया है।
पुलिस विभाग में किए गए इस फेरबदल को प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने और अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। आदेश जारी होने के साथ ही संबंधित अधिकारियों को अपनी नई पदस्थापना पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।





