रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने 25 चिकित्सा अधिकारियों और विशेषज्ञ डॉक्टरों के तबादले करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस संबंध में विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। तबादला सूची में कई जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO), सिविल सर्जन और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
महासमुंद, सुकमा और बेमेतरा में नए CMHO
आदेश के मुताबिक महासमुंद के प्रभारी CMHO डॉ. आई. नागेश्वर राव को राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान रायपुर में उप संचालक बनाया गया है। वहीं सुकमा के प्रभारी CMHO डॉ. रामकेश्वर सिंह कुशवाहा को महासमुंद का प्रभारी CMHO बनाया गया है।
दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में पदस्थ डॉ. भुवन विजय कुर्रे को सुकमा का प्रभारी CMHO बनाया गया है, जबकि बेमेतरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खंडसरा में पदस्थ डॉ. शरद कोहाड़े को बेमेतरा का प्रभारी CMHO नियुक्त किया गया है।
धमतरी और सरगुजा में भी बदलाव
धमतरी जिला अस्पताल के प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार टोंडर को धमतरी का प्रभारी CMHO बनाया गया है। वहीं मौजूदा प्रभारी CMHO डॉ. यू.एल. कौशिक को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला अस्पताल में प्रभारी सिविल सर्जन की जिम्मेदारी दी गई है।
सूरजपुर के प्रभारी CMHO डॉ. कपिल देव पैंकरा को सरगुजा संभाग का संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं बनाया गया है। कोरिया के प्रभारी CMHO डॉ. प्रशांत सिंह को सूरजपुर का प्रभारी CMHO और डॉ. बलवंत सिंह को कोरिया का प्रभारी CMHO बनाया गया है।
मुंगेली, बिलासपुर और अन्य जिलों में नई पदस्थापना
मुंगेली की प्रभारी CMHO डॉ. शीला साहा को जिला अस्पताल बिलासपुर भेजा गया है। बिलासपुर जिले में पदस्थ वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रीकेश गुप्ता को मुंगेली का प्रभारी CMHO नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा रायगढ़, सक्ती, बलरामपुर, दंतेवाड़ा, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और बिलासपुर सहित कई जिलों में सिविल सर्जन, अस्पताल अधीक्षक और अन्य चिकित्सा अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। विभाग की सूची में कुल 25 अधिकारियों के नाम शामिल हैं।








