कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दीपावली से पहले अवैध पटाखा भंडारण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरानी बस्ती इलाके में एक मकान पर छापेमारी कर पुलिस ने 20 कार्टून पटाखे जब्त किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश

जानकारी के अनुसार, कोतवाली पुलिस को पुरानी बस्ती निवासी बलराम जिज्ञासी के मकान में बड़ी मात्रा में पटाखे रखे होने की सूचना मिली थी। सूचना की तस्दीक करने के बाद पुलिस टीम ने मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान घर के अंदर से 20 कार्टून पटाखे बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।

दीपावली के लिए पटाखे जमा करने की आशंका

पुलिस को आशंका है कि दीपावली के मद्देनजर बिक्री के उद्देश्य से पटाखों का भंडारण किया गया था। हालांकि, पटाखे कहां से मंगाए गए थे और इन्हें कहां बेचा जाना था, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पटाखों की खरीद, आपूर्ति और भंडारण से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।

रिहायशी इलाके में भंडारण से सुरक्षा पर सवाल

घनी आबादी वाले इलाके में इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे मिलने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग लगने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था। इससे पहले कटघोरा क्षेत्र में एक पटाखा गोदाम में आग लगने की घटना भी सामने आ चुकी है।

विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई

कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर छापेमारी की गई थी। मकान से बरामद सभी पटाखों को जब्त कर लिया गया है। पुलिस आवश्यक अनुमति और भंडारण संबंधी दस्तावेजों की जांच कर रही है। संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की जांच जारी है।