जांजगीर-चांपा। दो अक्टूबर को शुष्क दिवस से पहले जांजगीर-चांपा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अकलतरा पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एक मकान में दबिश देकर बड़ी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब के साथ बीयर बरामद की। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


तहखाने और गुप्त कमरों में छिपाकर रखी थी शराब

पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सूचना मिली कि वार्ड नंबर 12, गुरुघासीदास मोहल्ला निवासी टेकूलाल बंजारे ने अपने घर के तहखाने और गुप्त कमरों में बड़ी मात्रा में शराब छिपाकर रखी है।

आरोप है कि दो अक्टूबर के शुष्क दिवस के दौरान शराब की अवैध बिक्री की तैयारी की जा रही थी। सूचना के बाद अकलतरा पुलिस ने मकान की घेराबंदी कर तलाशी ली।


देशी-अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस ने देशी प्लेन और मसाला शराब के साथ विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की। पुलिस के अनुसार शराब को अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखा गया था।


88,550 रुपये की शराब जब्त

पुलिस के मुताबिक कुल 184 लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 88 हजार 550 रुपये बताई गई है। मामले में 41 वर्षीय टेकूलाल बंजारे को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपी के खिलाफ अकलतरा थाने में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई। बाद में उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि शुष्क दिवस को देखते हुए अवैध शराब के भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।