बिलासपुर। तखतपुर क्षेत्र में बिना अनुमति कीटनाशक का भंडारण किए जाने के मामले में कृषि विभाग की जांच के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। करीब एक महीने पहले की गई छापेमारी के दौरान लिए गए सभी सात नमूने प्रयोगशाला जांच में मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। रिपोर्ट सामने आने के बाद सकरी थाना पुलिस ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला सकरी तहसील के ग्राम लोखंडी का बताया जा रहा है। कृषि विभाग को सूचना मिली थी कि एक किराए के मकान में बिना वैध लाइसेंस के बड़ी मात्रा में कीटनाशक रखा गया है। शिकायत के आधार पर विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी।
जांच में मिला था कीटनाशकों का बड़ा स्टॉक
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को मकान के भीतर विभिन्न कंपनियों के कीटनाशक बड़ी मात्रा में रखे मिले। कुछ सामग्री की वैधता और भंडारण से जुड़े दस्तावेजों को लेकर भी सवाल खड़े हुए। इसके बाद विभाग ने मौके पर पंचनामा तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए परिसर को सील कर दिया था।
सात नमूने भेजे गए थे प्रयोगशाला
जांच टीम ने मौके से कीटनाशकों के कुल सात नमूने लिए थे। सभी सैंपल गुणवत्ता परीक्षण के लिए राजनांदगांव स्थित राज्य स्तरीय प्रयोगशाला भेजे गए। रिपोर्ट आने पर सातों नमूने मिसब्रांडेड पाए गए।
रिपोर्ट मिलने के बाद कृषि विभाग ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई के लिए आवेदन सौंपा।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
कृषि विभाग की शिकायत पर सकरी थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कीटनाशकों की खेप कहां से लाई गई थी, इसका वितरण किन स्थानों पर किया जाना था और इस कारोबार से अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
मामले में भंडारण से संबंधित दस्तावेजों और कीटनाशकों की खरीदी-बिक्री के रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





