गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर जिला खनिज उड़नदस्ता दल ने अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर रेत का अवैध परिवहन कर रहे 9 ट्रैक्टरों को जब्त किया है। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
मरवाही सहित कई क्षेत्रों में खनिज विभाग की दबिश
जानकारी के अनुसार, खनिज विभाग की टीम ने मरवाही और आसपास के इलाकों में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान चिचगोहना, मडवाही, कुम्हारी और मरिहीघाट क्षेत्र से अवैध रेत परिवहन करते पांच ट्रैक्टर जब्त किए गए। इन वाहनों को मरवाही थाने में सुरक्षित खड़ा कराया गया है।
वहीं, अमेराटिकरा और मौहारिटिकरा क्षेत्र से एक-एक ट्रैक्टर पकड़ा गया, जिन्हें कोटमी चौकी में रखा गया है। इसके अलावा खन्ता-लालपुर क्षेत्र से एक ट्रैक्टर जब्त कर नगर सैनिक लाइन को सौंपा गया है।
वाहन मालिकों के खिलाफ होगी कानूनी कार्रवाई
खनिज विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, जब्त किए गए सभी नौ वाहनों के मालिकों के खिलाफ खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(1), 21(5) और 23(क) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमानुसार निर्धारित जुर्माना और समझौता राशि जमा करने के बाद ही वाहनों को छोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
अवैध खनन की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित अन्य माध्यमों से मिलने वाली शिकायतों की गंभीरता से जांच कर उनका शीघ्र निराकरण किया जाए।
खनिज विभाग का अभियान रहेगा जारी
इस कार्रवाई में खनिज अधिकारी आदित्य मानकर, खनिज निरीक्षक सुजीत कंवर, खनिज सिपाही शिवकुमार लहरे और नगर सैनिक छवि ओट्टी की प्रमुख भूमिका रही।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





