रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदल दी हैं। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, 22 IAS अधिकारियों और एक IFS अधिकारी की नई पदस्थापना की गई है। इस फेरबदल में गरियाबंद, कांकेर, मुंगेली, सक्ती, कबीरधाम और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी समेत कई जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं।


इन जिलों को मिले नए कलेक्टर

जारी आदेश के अनुसार, रणबीर शर्मा को संचालक समाज कल्याण के पद से हटाकर गरियाबंद कलेक्टर बनाया गया है। कुंदन कुमार को मुंगेली कलेक्टर से स्थानांतरित कर कांकेर कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है।

अमृत विकास तोपनो को सक्ती कलेक्टर से मुंगेली कलेक्टर, जबकि जयश्री जैन को संयुक्त सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग से सक्ती कलेक्टर बनाया गया है।

इसी तरह तुलिका प्रजापति को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी कलेक्टर से स्थानांतरित कर कबीरधाम कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं तनुजा सलाम को संचालक, खेल एवं युवा कल्याण से मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी कलेक्टर बनाया गया है।


मंत्रालय और विभागों में भी बड़ा बदलाव

प्रशासनिक फेरबदल के तहत मंत्रालय और विभिन्न विभागों में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।

सोनमणि बोरा को प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

आर. शंगीता को सचिव, मंत्रालय के पद पर पदस्थ किया गया है।

भुवनेश यादव को वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ आदिम जाति विकास, अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।


जल जीवन मिशन समेत कई विभागों में नई जिम्मेदारी

रिमिजियुस एक्का को विशेष सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग बनाया गया है। इसके साथ उन्हें मिशन संचालक, जल जीवन मिशन का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

जगदीश सोनकर को विशेष सचिव, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

हिना अनिमेष नेताम को वर्तमान दायित्वों के साथ प्रबंध संचालक, अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

गजेन्द्र सिंह ठाकुर को वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ संचालक, समाज कल्याण का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।


दुर्ग नगर निगम को मिला नया आयुक्त

आकांक्षा शिक्षा खलखो को उप सचिव, वाणिज्य एवं उद्योग तथा सार्वजनिक उपक्रम विभाग बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें संचालक, खेल एवं युवा कल्याण का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

लीना कोसम को नगर पालिक निगम दुर्ग का आयुक्त बनाया गया है। वहीं सौमिल रंजन चौबे को प्रबंध संचालक, पर्यटन मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई को अपर कलेक्टर, बिलासपुर के पद पर पदस्थ किया गया है।


नागरिक आपूर्ति निगम की जिम्मेदारी में बदलाव

IAS अधिकारी भोसकर विलास संदिपान को वर्तमान दायित्वों के साथ प्रबंध संचालक, नागरिक आपूर्ति निगम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद इफ्फत आरा इस अतिरिक्त जिम्मेदारी से मुक्त हो जाएंगी।


IFS विवेक आचार्य की सेवाएं वन विभाग को वापस

इस प्रशासनिक फेरबदल में IFS अधिकारी विवेक आचार्य की जिम्मेदारी भी बदली गई है। वे अब तक प्रबंध संचालक, पर्यटन मंडल के पद पर कार्यरत थे। शासन ने उनकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से उनके पैतृक वन विभाग को वापस कर दी हैं।

इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद कई जिलों में नए कलेक्टरों की नियुक्ति के साथ मंत्रालय और महत्वपूर्ण विभागों में भी नई जिम्मेदारियां तय हो गई हैं।


देखें आदेश की कॉपी

अधिकारियों की नई पदस्थापना और अतिरिक्त प्रभार की विस्तृत जानकारी सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में देखी जा सकती है।