रायपुर/बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में शिक्षा विभाग से जुड़ी करोड़ों रुपये की कथित वित्तीय अनियमितताओं के बीच शासन ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव को पद से हटा दिया गया है। उन्हें उनके मूल पद पर भेजते हुए नरेंद्र कुमार निरापुरे को बलरामपुर-रामानुजगंज का नया प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है।
4.51 करोड़ रुपये की खरीदी पर उठे सवाल
रिपोर्टों के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2025-26 में बलरामपुर शिक्षा विभाग को विभिन्न योजनाओं के तहत करीब 4.57 करोड़ रुपये का बजट मिला था। इस राशि से छात्राओं के लिए साइकिल, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सामग्री, फर्नीचर, खेल सामग्री, स्टेशनरी सहित अन्य जरूरी सामान खरीदा जाना था।
जांच रिपोर्ट में करीब 4.51 करोड़ रुपये की खरीदी प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं की बात सामने आने का दावा किया गया है। इसके बाद मामला शासन स्तर तक पहुंचा और प्रभारी DEO को हटाने का आदेश जारी किया गया।
GEM पोर्टल की प्रक्रिया और स्टॉक रिकॉर्ड पर सवाल
जांच में आरोप सामने आए कि कई खरीदी में निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। रिपोर्ट के अनुसार क्रय समिति गठित नहीं करने, सामग्री का भौतिक सत्यापन नहीं कराने और स्टॉक रजिस्टर में पर्याप्त प्रविष्टियां नहीं होने जैसी खामियां पाई गईं।
इसके अलावा कैशबुक में कटिंग, ओवरराइटिंग और अप्रमाणित सुधार मिलने की बात भी सामने आई है। कुछ भुगतानों से संबंधित सामग्री के कार्यालय या भंडार में उपलब्ध होने के रिकॉर्ड पर भी सवाल उठाए गए हैं।
4,025 साइकिलों के भुगतान का भी उल्लेख
जांच रिपोर्ट में 4,025 साइकिलों के लिए करीब 1.62 करोड़ रुपये के भुगतान का उल्लेख है। रिपोर्ट के मुताबिक इससे जुड़े स्टॉक रिकॉर्ड और चालान को लेकर भी अनियमितताएं सामने आईं। इसी तरह विज्ञान किट की खरीदी पर लगभग 42 लाख रुपये खर्च किए जाने का उल्लेख है, जिसके सत्यापन और स्टॉक रिकॉर्ड को लेकर जांच में सवाल उठाए गए।
स्टेशनरी और प्रिंटिंग भुगतान भी जांच के दायरे में
रिपोर्ट में स्टेशनरी के नाम पर करीब 11.20 लाख रुपये के भुगतान और परीक्षा संबंधी मुद्रण सामग्री के लिए रांची की एक फर्म को लगभग 17.96 लाख रुपये दिए जाने का उल्लेख किया गया है। विभागीय बैठकों में नाश्ते पर करीब 4 लाख रुपये खर्च किए जाने की बात भी जांच रिपोर्ट में सामने आई है।
कलेक्टर ने कराई थी जांच
मामले की शिकायत मिलने के बाद बलरामपुर कलेक्टर ने अपर कलेक्टर प्रमोद गुप्ता और जिला कोषालय अधिकारी दशरथ सोनी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी थी। जांच रिपोर्ट शासन को भेजे जाने के बाद प्रशासनिक कार्रवाई की गई।
नरेंद्र कुमार निरापुरे बने नए प्रभारी DEO
शासन ने नरेंद्र कुमार निरापुरे को बलरामपुर-रामानुजगंज का नया प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बनाया है। इससे पहले वे शासकीय हाई स्कूल कोराचा, विकासखंड मानपुर, जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में प्राचार्य के पद पर पदस्थ थे।
वहीं मनीराम यादव को शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल परसा, विकासखंड अंबिकापुर में प्राचार्य के पद पर पदस्थ किए जाने की जानकारी सामने आई है।
अब शिक्षा विभाग की जांच में सामने आई कथित वित्तीय अनियमितताओं पर शासन की आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।






