सरगुजा। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के सरकारी चावल की कथित कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन और खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने अरुण ट्रेडर्स पर छापेमारी कर परिसर में खड़े एक ट्रक से 130 बोरी शासकीय पीडीएस चावल बरामद किए हैं।
जानकारी के मुताबिक, छापेमारी की भनक लगते ही अरुण ट्रेडर्स का संचालक गोदाम में ताला लगाकर मौके से फरार हो गया। अधिकारियों को आशंका है कि गोदाम के अंदर भी बड़ी मात्रा में सरकारी चावल रखा गया है। इसे देखते हुए प्रशासन ने दुकान और गोदाम दोनों को तत्काल सील कर दिया है।
अधिकारियों ने बताया कि गोदाम का निरीक्षण कर वहां मौजूद खाद्यान्न का सत्यापन किया जाएगा। जांच के बाद बरामद चावल के स्रोत, उसकी वास्तविक मात्रा और इस कथित कालाबाजारी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, अरुण ट्रेडर्स के संचालक के खिलाफ पहले भी पीडीएस चावल की हेराफेरी के मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है। ऐसे में प्रशासन इस कार्रवाई को गंभीर मानते हुए पूरे नेटवर्क की जांच कर रहा है। फिलहाल जिला प्रशासन और खाद्य विभाग की टीम मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।





