रायपुर एयरपोर्ट के वेटिंग हॉल में बड़ा हादसा: 30 फीट ऊंची सीलिंग से गिरा मजदूर, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
रायपुर। राजधानी स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के वेटिंग हॉल में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। एयरपोर्ट की सीलिंग पर मरम्मत कार्य कर रहा एक मजदूर अचानक नीचे गिर पड़ा। हादसे के वक्त वेटिंग हॉल में बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक मजदूर करीब 30 फीट से अधिक ऊंचाई पर सीलिंग में काम कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे आ गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मजदूर यात्रियों के बीच गिरा, जिससे कुछ देर के लिए दहशत फैल गई।
घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों ने घायल मजदूर को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल भेजा। हादसे के बाद कुछ समय तक वेटिंग हॉल में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। वहीं एयरपोर्ट प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।





