रायपुर। छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से चले आ रहे महानदी जल विवाद के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। 1 अक्टूबर 2026 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की उच्चस्तरीय बैठक होने की संभावना है। ओडिशा के महाधिवक्ता पितांबर आचार्य ने इस संबंध में जानकारी दी है।
दोनों राज्यों के बीच बातचीत पर जोर
रिपोर्ट के मुताबिक, ओडिशा विधानसभा का मौजूदा सत्र समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के रायपुर आने और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात करने की भी संभावना है। दोनों राज्यों के बीच बातचीत के जरिए महानदी जल विवाद का समाधान तलाशने की कोशिश की जा रही है।
20 सितंबर को भुवनेश्वर में मिले थे दोनों मुख्यमंत्री
इससे पहले 20 सितंबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भुवनेश्वर में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से उनके निवास पर मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों राज्यों के आपसी सहयोग, विकास, जनकल्याण और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई थी।
मुख्यमंत्री साय ने महानदी जल विवाद को लेकर कहा था कि लंबे समय से लंबित इस मुद्दे के समाधान के लिए सकारात्मक वातावरण बना है। उन्होंने केंद्र सरकार के सहयोग और दोनों राज्यों की पहल से जल्द समाधान निकलने की उम्मीद जताई थी।
अब प्रस्तावित उच्चस्तरीय बैठक को महानदी जल विवाद पर आगे की बातचीत के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





