बिलासपुर। मल्हार चौकी क्षेत्र में तय मानकों से अधिक तेज आवाज में डीजे बजाने पर पुलिस ने कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि मल्हार बस्ती क्षेत्र में एक माजदा वाहन पर बड़ा डीजे सिस्टम लगाकर तेज आवाज में संगीत बजाया जा रहा था। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद वाहन सहित डीजे से जुड़े उपकरण जब्त कर लिए।
पुलिस के अनुसार, मौके पर माजदा वाहन क्रमांक CG 10 BS 643 में डीजे सिस्टम लगा हुआ मिला। वाहन चालक की पहचान सुनील कुमार यादव के रूप में हुई। पुलिस ने चालक से डीजे संचालन और ध्वनि संबंधी अनुमति के बारे में पूछताछ की।
तीन एम्प्लीफायर और जनरेटर भी जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक माजदा वाहन, तीन एम्प्लीफायर, जनरेटर और अन्य डीजे उपकरण जब्त किए। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर निर्धारित सीमा से अधिक तेज आवाज में डीजे बजाए जाने के कारण यह कार्रवाई की गई।
मामले में चालक के खिलाफ कोलाहल नियंत्रण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई है।
ध्वनि प्रदूषण पर पुलिस की सख्ती
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धार्मिक, सामाजिक या अन्य आयोजनों में डीजे और साउंड सिस्टम का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुसार ही किया जाना चाहिए। अनुमति से अधिक आवाज में डीजे बजाने, देर रात तक ध्वनि प्रदूषण फैलाने या आम लोगों को परेशानी पहुंचाने की शिकायत मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आयोजनकर्ताओं और डीजे संचालकों से भी नियमों का पालन करने और निर्धारित ध्वनि सीमा के भीतर ही साउंड सिस्टम चलाने की अपील की है।





