बलरामपुर में युवती से सामूहिक दुष्कर्म, तीन आरोपी हिरासत में
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना वाड्रफनगर चौकी क्षेत्र के कोटराही जंगल की है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले लिया। सभी आरोपी कोटराही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस पीड़िता और आरोपितों का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, रविवार दोपहर बसंतपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली 19 वर्षीय युवती अपने फुफेरे भाई के साथ पैदल कोटराही जंगल के रास्ते एक रिश्तेदार के घर जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने धमकाकर युवती और उसके भाई को जंगल के भीतर ले गए।
बताया जा रहा है कि आरोपितों ने युवती के भाई के हाथ-पैर बांधकर उसे बंधक बना लिया। इसके बाद युवती के साथ दुष्कर्म किया गया। घटना के दौरान आरोपितों ने अपने एक अन्य साथी को भी मौके पर बुला लिया। आरोप है कि उसने भी युवती के साथ दुष्कर्म किया।
वारदात के बाद तीनों आरोपित मौके से फरार हो गए। किसी तरह जंगल से बाहर निकलने के बाद पीड़िता और उसका भाई वाड्रफनगर चौकी पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया। मामले की जांच जारी है।





