अंबिकापुर। सरगुजा जिले में सोमवार को मौसम के अचानक बदले मिजाज ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। धौरपुर थाना क्षेत्र के डुमकी ग्राम पंचायत के खुटापारा में आकाशीय बिजली गिरने से दो मासूम बच्चों समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, दो मासूम बच्चे स्कूल परिसर के मैदान में आम बीनने गए थे। इसी दौरान क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बच्चे बारिश से बचने का प्रयास ही कर रहे थे कि अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।
उसी समय पास के खेत में बैल चरा रहा एक युवक भी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसे युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान एक अन्य व्यक्ति भी बिजली गिरने से प्रभावित हुआ, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस तरह इस दर्दनाक घटना में कुल तीन लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही धौरपुर थाना पुलिस, राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवारों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।





