रायपुर/श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने गैर-स्थानीय मजदूरों को निशाना बनाते हुए कायराना हमला किया। बताया जा रहा है कि आतंकियों ने पहले मजदूरों से उनका धर्म पूछा और इसके बाद गोलियां चला दीं। इस हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत हो गई। पहले एक मजदूर की मौके पर मौत हुई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे मजदूर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद पूरे प्रदेश में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, दोनों मजदूर दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में एक ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे थे। शुक्रवार शाम आतंकियों ने वहां पहुंचकर उन्हें निशाना बनाया। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जांच में इसे गैर-स्थानीय मजदूरों पर लक्षित आतंकी हमला माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे मानवता पर हमला बताया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के बेहतर उपचार की कामना की थी। दूसरे मजदूर के निधन के बाद उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है तथा हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की उम्मीद जताई।

यह हमला जम्मू-कश्मीर में गैर-स्थानीय मजदूरों को निशाना बनाकर की गई हालिया सबसे गंभीर घटनाओं में से एक माना जा रहा है। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान तेज कर दिया है और आतंकियों की धरपकड़ के लिए अभियान जारी है।