कवर्धा। कबीरधाम जिले में हाल के दिनों में करंट लगने से हुई तीन मौतों और कई मवेशियों के बिजली की चपेट में आने की घटनाओं के बाद विद्युत विभाग सतर्क हो गया है। मानसून के दौरान बिजली से होने वाले हादसों को रोकने के लिए विभाग ने आम लोगों के लिए विस्तृत सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है।
विभाग के अनुसार, बारिश के मौसम में बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों और खुले या टूटे हुए तारों के संपर्क में आने से करंट फैलने का खतरा काफी बढ़ जाता है। ऐसे में थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
विद्युत विभाग ने लोगों से अपील की है कि जलभराव वाले क्षेत्रों में बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मरों के पास जाने से बचें। गीले हाथों से किसी भी विद्युत उपकरण को न छुएं और यदि कहीं तार टूटे हों, खंभे में करंट उतरने की आशंका हो या बिजली व्यवस्था में कोई खराबी दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत दें।
विभाग ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति या तकनीकी खराबी की जानकारी टोल फ्री हेल्पलाइन 1912, 'मोर बिजली' मोबाइल एप या निकटतम विद्युत वितरण केंद्र को तत्काल दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बीते सप्ताह जिले में करंट लगने से एक आठ वर्षीय बालक सहित पिता-पुत्र की मौत हो गई थी। इन घटनाओं के बाद विद्युत विभाग ने नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है, ताकि मानसून के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।





