कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे 'उजियारा अभियान' के तहत भानुप्रतापपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम बोगर में अवैध रूप से शराब बेचने के आरोप में 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 5.950 लीटर देसी शराब और बीयर बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 2,250 रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को भानुप्रतापपुर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बोगर में एक युवक अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान नंदकुमार कांगे (24 वर्ष), निवासी ग्राम मदरेल के रूप में हुई।
15 पौवा देसी शराब और पांच बोतल बीयर बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15 पौवा देसी प्लेन शराब जब्त की, जिसकी मात्रा 2.700 लीटर है। इसके अलावा सिम्बा बीयर की पांच बोतलें भी बरामद हुईं, जिनकी कुल मात्रा 3.250 लीटर है। इस तरह पुलिस ने कुल 5.950 लीटर शराब जब्त की है।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज, भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
अवैध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
कांकेर पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब बिक्री, जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ उजियारा अभियान के तहत कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी मोबाइल नंबर 94791-55125 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।





