रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 46 किलो 100 ग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन और एक सुजुकी एक्सेस स्कूटर बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, जब्त गांजा और अन्य सामान की कुल कीमत करीब 24 लाख रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि यह तस्करी नेटवर्क ओडिशा से रायपुर तक फैला हुआ था और लंबे समय से संगठित तरीके से गांजे की सप्लाई की जा रही थी।
ओडिशा तक पहुंची पुलिस की जांच, दो सप्लायर गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तस्करी नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए जांच का दायरा बढ़ाया। जांच में सामने आए बैकवर्ड लिंक के आधार पर पुलिस टीम ने ओडिशा के कालाहांडी जिले से जुड़े दो कथित सप्लायरों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और गांजा सप्लाई की पूरी चेन का पता लगाने में जुटी है।
मुख्य आरोपी पहले भी जा चुके हैं जेल
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी कमलेश सोनवानी और राजा टंडन का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। दोनों आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस उनके पुराने मामलों और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ टिकरापारा थाने में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के आधार पर तस्करी नेटवर्क से जुड़े और भी लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है।





