नई दिल्ली। इस बार 15 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाल किले से होने वाले स्वतंत्रता दिवस संबोधन में देश के युवाओं, खासकर Gen-Z, पर विशेष फोकस रहने की संभावना है। युवाओं की उम्मीदों, रोजगार, कौशल विकास और भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रधानमंत्री अपने भाषण में प्रमुखता से उठा सकते हैं। इसके लिए केंद्र सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने विभिन्न मंत्रालयों से युवाओं के लिए अब तक चलाई गई योजनाओं, उनके परिणामों और भविष्य की कार्ययोजना से संबंधित जानकारी मांगी है। माना जा रहा है कि सरकार चाहती है कि प्रधानमंत्री के संबोधन में युवाओं को लेकर किए गए दावों और घोषणाओं के साथ ठोस आंकड़े भी सामने रखे जाएं।

युवाओं के सवालों और आकांक्षाओं पर नजर

हाल के समय में रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, शिक्षा और अन्य मुद्दों को लेकर युवाओं की सक्रियता बढ़ी है। सोशल मीडिया पर भी नई पीढ़ी अपनी बात मजबूती से रख रही है। ऐसे में सरकार युवाओं के साथ संवाद बढ़ाने और उनकी अपेक्षाओं को समझने पर जोर दे रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी विभिन्न मंचों और सोशल मीडिया के जरिए युवाओं से संवाद करते रहे हैं। अब स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय मंच से भी युवा शक्ति, विकसित भारत में उनकी भूमिका और भविष्य के अवसरों को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिए जाने की संभावना है।

मंत्रालयों से मांगा गया युवाओं के काम का ब्योरा

सूत्रों के मुताबिक, PMO ने मंत्रालयों से पूछा है कि पिछले वर्षों में युवाओं के लिए कौन-कौन से कदम उठाए गए, उनसे कितने लोगों को फायदा मिला और आने वाले समय में क्या नई योजनाएं प्रस्तावित हैं। रोजगार सृजन, स्टार्टअप, कौशल विकास, शिक्षा, तकनीक और स्वरोजगार जैसे विषय इस रिपोर्ट का महत्वपूर्ण हिस्सा हो सकते हैं।

भाजपा शासित राज्यों को भी युवाओं पर फोकस का संदेश

युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर भाजपा शासित राज्यों को भी सक्रिय रहने का संदेश दिया गया है। कोशिश है कि रोजगार, भर्ती, शिक्षा या अन्य समस्याओं का समय रहते समाधान किया जाए और उन्हें बड़े आंदोलन का रूप लेने से पहले ही बातचीत के जरिए सुलझाया जाए।

उत्तर प्रदेश सरकार ने इसी दिशा में स्वतंत्र युवा आयोग बनाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 16 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को ध्यान में रखते हुए एकीकृत युवा नीति तैयार करने के निर्देश भी दिए हैं।

अब सभी की नजर 15 अगस्त पर है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि इस बार उनके भाषण में Gen-Z, रोजगार, कौशल, तकनीक और विकसित भारत में युवाओं की भूमिका प्रमुख विषयों में शामिल हो सकती है।