दुर्ग/भिलाई। छत्तीसगढ़ के चर्चित कोयला घोटाला मामले में आयकर विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर आयकर विभाग की टीम ने भिलाई के जुनवानी स्थित सूर्या रेजिडेंसी में छापा मारकर कोयला कारोबारी सूर्यकांत तिवारी से जुड़े एक मकान को सील कर दिया। यह कार्रवाई मंगलवार को की गई।

करीबी के नाम पर मकान की रजिस्ट्री का दावा

रिपोर्ट के मुताबिक, जांच में सामने आया कि संबंधित मकान की रजिस्ट्री मनीष उपाध्याय के नाम पर कराई गई थी। आयकर विभाग इसे सूर्यकांत तिवारी से जुड़ी कथित बेनामी संपत्ति मानकर जांच कर रहा है। विभाग ने तहसीलदार और पुलिस की मौजूदगी में मकान को सील करने की कार्रवाई की।

ढोल बजाकर कराई गई मुनादी

कार्रवाई के दौरान आयकर विभाग की टीम ने कॉलोनी में बाकायदा ढोल बजाकर मुनादी कराई। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों के सामने विभागीय नोटिस पढ़कर सुनाया गया और मकान को सील कर दिया गया।

ईडी की जांच के बाद आयकर विभाग की कार्रवाई

बताया जा रहा है कि कोयला घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय की जांच के दौरान सूर्यकांत तिवारी से जुड़ी कथित बेनामी संपत्तियों की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद आयकर विभाग ने संपत्तियों की जांच तेज की है और अब भिलाई में यह कार्रवाई की गई है। मामले में विभागीय जांच आगे भी जारी रहने की संभावना है।