रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध डीजल भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। छाल थाना पुलिस ने ग्राम हाटी-ढोढ़ीखार के पास मुख्य मार्ग किनारे बनी एक झोपड़ी में छापेमारी कर 415 लीटर डीजल जब्त किया है। बरामद डीजल की अनुमानित कीमत 41 हजार 500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से राजेश उर्फ कारू साव (38) को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह सड़क से गुजरने वाले वाहनों से सस्ते दाम पर डीजल खरीदकर उसे अधिक कीमत पर बेचता था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने झोपड़ी में दी दबिश
जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर को छाल थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम हाटी-ढोढ़ीखार के पास मुख्य सड़क किनारे एक झोपड़ी में अवैध रूप से डीजल का भंडारण और बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर छापेमारी की।
जांच के दौरान पुलिस को झोपड़ी के पीछे प्लास्टिक के ड्रमों में बड़ी मात्रा में डीजल रखा मिला। पुलिस ने मौके पर मौजूद व्यक्ति से डीजल की खरीद और भंडारण से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध बिल या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
दो ड्रम और जरकीन से मिला 415 लीटर डीजल
पुलिस ने तलाशी के दौरान 200-200 लीटर डीजल से भरे दो प्लास्टिक ड्रम और 15 लीटर डीजल से भरी एक प्लास्टिक जरकीन बरामद की। इस तरह कुल 415 लीटर डीजल जब्त किया गया। इसके अलावा डीजल निकालने में इस्तेमाल होने वाला पाइप और अन्य सामग्री भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
सस्ते में डीजल खरीदकर महंगे दाम पर करता था बिक्री
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कुछ समय से मुख्य मार्ग किनारे झोपड़ी बनाकर रह रहा था। यहां से गुजरने वाले वाहनों से कम कीमत पर डीजल खरीदकर उसे प्लास्टिक के ड्रमों में जमा करता था। बाद में यही डीजल राहगीरों और वाहन चालकों को अधिक कीमत पर बेच दिया जाता था।
पुलिस का कहना है कि ज्वलनशील पदार्थ को बिना सुरक्षा इंतजाम के झोपड़ी में रखना गंभीर खतरा पैदा कर सकता था। इससे आग लगने और आसपास के लोगों की जान-माल को नुकसान पहुंचने की आशंका थी।
आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेश उर्फ कारू साव (38), निवासी ग्राम सिथरा, थाना धरमजयगढ़, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 287 और आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 व 7 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी ने अवैध कारोबारियों को दी चेतावनी
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में छाल थाना पुलिस ने छापेमारी को अंजाम दिया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि ज्वलनशील पदार्थों का अवैध और असुरक्षित भंडारण लोगों के जीवन तथा संपत्ति के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।





