रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने भारतीय वन सेवा (IFS) के अधिकारी विवेक आचार्य को नई जिम्मेदारी सौंपी है। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम लिमिटेड, नवा रायपुर अटल नगर का कार्यकारी संचालक नियुक्त किया है। इस संबंध में विभाग ने 29 अगस्त 2026 को आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के मुताबिक, वर्ष 2006 बैच के IFS अधिकारी विवेक आचार्य की सेवाएं सामान्य प्रशासन विभाग के 18 अगस्त 2026 के आदेश के तहत वन विभाग को वापस सौंपी गई थीं। इसके बाद वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने उनकी नई पदस्थापना का आदेश जारी किया।
पर्यटन मंडल में संभाल रहे थे जिम्मेदारी
विवेक आचार्य इससे पहले छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, रायपुर में प्रबंध संचालक के पद पर कार्यरत थे। अब उन्हें प्रतिनियुक्ति पर छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम लिमिटेड में कार्यकारी संचालक की जिम्मेदारी दी गई है।
विभागीय आदेश के अनुसार, विवेक आचार्य की यह पदस्थापना आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से प्रभावी रहेगी।





