बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के ग्राम कोपेडबरी में पति पर हुए जानलेवा हमले के मामले का पुलिस ने महज तीन दिनों में खुलासा कर दिया है। जांच में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि घायल मनोहर साहू पर हमला उसकी पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर साजिशन कराया था।

पुलिस के अनुसार आरोपी पत्नी रानी साहू (23), उसके प्रेमी योगेंद्र चौहान उर्फ बादल (24) निवासी कोसमंदा (थाना पिपरिया, जिला कबीरधाम) तथा साथी कन्हैयालाल उर्फ केडी यादव (23) को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में तीनों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त हॉकी स्टिक और धारदार हथियार भी जब्त किए हैं।

मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 331(2) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

सोते समय किया गया हमला

जानकारी के मुताबिक, 1-2 जुलाई की दरम्यानी रात ग्राम कोपेडबरी निवासी मनोहर साहू (41) अपने घर में सो रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने घर में घुसकर उस पर हॉकी स्टिक और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं तथा हाथ की नस कट गई। गंभीर रूप से घायल मनोहर को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में रायपुर एम्स रेफर किया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

प्रेम प्रसंग बना वजह

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी महिला का अपने प्रेमी योगेंद्र चौहान से अवैध संबंध था। पति मनोहर साहू इस रिश्ते में बाधा बन रहा था। इसी कारण पत्नी ने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और सोते समय उस पर हमला कर दिया।