सूरजपुर। जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र में बनारस मार्ग पर गंगापुर गांव के पास मंगलवार-बुधवार की देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद बाइक और एक युवक अज्ञात वाहन के पहिए में फंस गए और करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, कनकपुर निवासी प्रकाश सिंह (20) पिता शंभू सिंह गोंड़ अपने दोस्तों संदीप राजवाड़े (21) पिता गणेश प्रसाद राजवाड़े तथा बलबीर यादव (18) पिता जगलाल यादव, दोनों निवासी वीरपुर, के साथ मंगलवार शाम बाइक से घूमने निकले थे। देर रात करीब 12 बजे तीनों युवक ग्राम तुलसी की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गंगापुर गांव के समीप किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद एक युवक और बाइक वाहन के पहिए में फंस गए, जिन्हें चालक करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया। तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही विश्रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
इस हृदयविदारक हादसे से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।





