अंबिकापुर। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सरगुजा रेडक्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में आम नागरिकों के साथ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी हिस्सा लेकर रक्तदान करेंगे।

सरगुजा रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से वर्ष 2021 से शुरू किए गए रक्तदान अभियान के तहत अब तक 10 हजार यूनिट से अधिक रक्त संग्रहित किया जा चुका है। यह रक्त हजारों मरीजों के उपचार और जीवन रक्षा में उपयोगी साबित हुआ है। रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में सोसाइटी के प्रयासों को जिले में एक सफल मॉडल के रूप में देखा जा रहा है।

सोसाइटी के अध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव, उपाध्यक्ष डॉ. पुष्पा सिंह और जिला समन्वयक डॉ. अर्पण सिंह चौहान के नेतृत्व में यह अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। डॉ. अर्पण सिंह चौहान स्वयं नियमित रक्तदाता हैं और अब तक 30 बार रक्तदान कर चुके हैं। उनका कहना है कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति तीन से चार माह के अंतराल में सुरक्षित रूप से रक्तदान कर सकता है। रक्तदान से किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती, बल्कि यह किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान बन सकता है।

सोसाइटी के अध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने कहा कि जिले में किसी भी मरीज को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े, इसके लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उनके प्रयासों से ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता बनाए रखने में सफलता मिली है।

रेडक्रॉस सोसाइटी की इस पहल को राज्य स्तर पर भी सराहना मिली है। राजधानी रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सरगुजा जिले के एक सक्रिय रक्तदाता को सम्मानित किया जाएगा।

डॉ. अर्पण सिंह चौहान ने युवाओं, आम नागरिकों और स्वास्थ्य कर्मियों से रक्तदान शिविर में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और हर स्वस्थ व्यक्ति को इसके लिए आगे आना चाहिए।