रायपुर। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की ऑनलाइन परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल करने की कोशिश का मामला सामने आया है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन छिपाकर ले जाने और परीक्षा के दौरान कंप्यूटर स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों की तस्वीरें लेने वाले एक अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया है।


पुलिस के मुताबिक, 15 जुलाई 2026 को iON Digital Zone (iDZ), सरोना स्थित परीक्षा केंद्र में रेलवे भर्ती बोर्ड की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) की दूसरी पाली आयोजित की गई थी। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षक को एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उस पर नजर रखी गई।

सीसीटीवी फुटेज और प्रारंभिक जांच में पता चला कि अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में छिपाकर लाए गए मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था। वह कंप्यूटर स्क्रीन पर दिखाई दे रहे प्रश्नों की तस्वीरें मोबाइल से खींच रहा था।


पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने डबल अंडरगारमेंट पहनकर उसके भीतर मोबाइल फोन छिपाया था, ताकि सुरक्षा जांच में पकड़ा न जाए। इसी तरीके से वह मोबाइल लेकर परीक्षा केंद्र के अंदर पहुंच गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें परीक्षा के दौरान पूछे गए प्रश्नों की तस्वीरें मिलीं। जांच में इन तस्वीरों का मिलान परीक्षा में प्रदर्शित वास्तविक प्रश्नों से किया गया, जो पूरी तरह मेल खाए।


मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। इसके बाद डीडी नगर थाना पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2) तथा लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 की धारा 10(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर निवासी 28 वर्षीय अफताब, पिता गुलाम मोहम्मद, को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से सैमसंग मोबाइल फोन, आधार कार्ड और संबंधित परीक्षा का प्रवेश पत्र जब्त किया गया है।

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी नकल गिरोह या संगठित नेटवर्क से जुड़ा था या नहीं।