भिलाई। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते रायपुर–दुर्ग नेशनल हाईवे पर कुम्हारी के समीप चंदनडीह क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसके कारण इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई है और यात्रियों को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

इधर, निर्माण कार्य के चलते सिरसा गेट मार्ग पहले से ही बंद है, जिससे वैकल्पिक मार्ग का विकल्प भी सीमित हो गया है। स्थिति को देखते हुए यातायात पुलिस ने प्रभावित क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात किया है तथा वाहनों को आवश्यकतानुसार वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जा रहा है।

वहीं, महमरा एनीकेट पर जलस्तर बढ़कर लगभग चार फीट तक पहुंच गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए SDRF की टीम भी मौके पर तैनात कर निगरानी कर रही है।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।