बिलासपुर। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सुबह-सुबह सिम्स पहुंचकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के कैजुअल्टी, लेबर वार्ड सहित विभिन्न विभागों और वार्डों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर इलाज, दवाइयों की उपलब्धता, जांच व्यवस्था और अस्पताल में मिलने वाली अन्य सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया।
डीन और अधीक्षक से की चर्चा
स्वास्थ्य मंत्री ने सिम्स के डीन और अधीक्षक से भी अस्पताल की मौजूदा स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने मरीजों को समय पर इलाज और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की सफाई, दवा वितरण, जांच व्यवस्था और मरीजों की समस्याओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।





