बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में सोमवार सुबह एक हेडमास्टर की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात हमलावरों ने स्कूल जा रहे शिक्षक पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मामला त्रिकुंड थाना क्षेत्र का है।


पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान जयकरन जगते के रूप में हुई है। वे ग्राम धमनी-कुमीहा स्थित शासकीय विद्यालय में हेडमास्टर के पद पर कार्यरत थे। सोमवार सुबह वे रोज की तरह स्कूल जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


प्रारंभिक जांच में जमीन से जुड़े विवाद को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।


पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने की उम्मीद है।