कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है। पाली थाना क्षेत्र के चैतमा स्थित डिस्पोजल फैक्ट्री के पास कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार एक व्यक्ति और कार में मौजूद दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व एम्बुलेंस को जानकारी दी। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
बाइक पर सवार थे तीन लोग, दो ने मौके पर तोड़ा दम
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय बाइक पर तीन लोग सवार थे। चैतमा के पास कार और बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
तीसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं कार में सवार दो लोगों को भी चोटें आई हैं।
इलाज कराकर रायपुर से मनेन्द्रगढ़ लौट रहे थे कार सवार
बताया जा रहा है कि कार सवार रायपुर से मनेन्द्रगढ़ की ओर लौट रहे थे। कार में एक महिला मरीज भी मौजूद थी, जिसे इलाज के लिए रायपुर ले जाया गया था।
वापसी के दौरान चैतमा क्षेत्र में कार की बाइक से टक्कर हो गई। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
टक्कर इतनी भीषण कि बाइक के उड़े परखच्चे
प्रत्यक्ष स्थिति से हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। टक्कर के बाद बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके हिस्से सड़क पर दूर तक बिखर गए।
स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद करते हुए पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। इसके बाद सभी घायलों को कटघोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज किया रेफर
कटघोरा में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।
मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद चैतमा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी के मुताबिक मृतकों और घायलों की पहचान तत्काल नहीं हो सकी थी।
पुलिस मृतकों की पहचान कराने के साथ हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और किस वाहन की लापरवाही रही, यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट हो सकेगा।





