बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में किन्नर समुदाय के दो गुटों के बीच पुराना विवाद एक बार फिर सामने आया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। एक पक्ष ने मिर्च पाउडर छिड़ककर मारपीट करने की शिकायत की है, जबकि दूसरे पक्ष ने बाल पकड़कर कमरे से बाहर घसीटने का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों की शिकायत पर तारबाहर थाना पुलिस ने अलग-अलग मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रजिया ने लगाया मिर्च पाउडर छिड़कने का आरोप
पुलिस को दी शिकायत में रजिया खुरसेल किन्नर ने बताया कि वह अपने गुरु भाई अलिशा किन्नर के घर खाना खाने गई थी। वहां से लौटते समय नाई मोहल्ले के पास उसकी मुलाकात पूजा, राजा और लाडो से हुई।
रजिया का आरोप है कि तीनों ने उसे अपना गुरु बनाने की बात कही और अपने साथ घर ले गए। घर पहुंचने के बाद उसके साथ विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई। रजिया ने पूजा किन्नर पर चेहरे और शरीर पर मिर्च पाउडर छिड़कने का भी आरोप लगाया है।
पूजा बोली- बाल पकड़कर कमरे से बाहर घसीटा
वहीं, दूसरे पक्ष से पूजा सोनी किन्नर ने पुलिस को दी शिकायत में रजिया खुरसेल और उसके साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पूजा के मुताबिक, रजिया अपने साथियों के साथ उसके घर पहुंची और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगी। उस समय देवी किन्नर समेत चार-पांच अन्य लोग भी वहां मौजूद थे।
पूजा का आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई। उसके बाल पकड़कर खींचते हुए कमरे से बाहर तक घसीटा गया, जिससे सिर के पिछले हिस्से में चोट आई।
दोनों पक्षों ने लगाए जान से मारने की धमकी के आरोप
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए हैं। पूजा ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं। उसने पुराने विवाद का जिक्र करते हुए रजिया पर पहले भी विवाद और धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
तारबाहर पुलिस ने दर्ज किए अलग-अलग केस
मामला तारबाहर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत और लगाए गए आरोपों के आधार पर अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर लिया है। अब पुलिस दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।





