रायपुर। छत्तीसगढ़ में गोल्फ और खेल पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में आज 15 सितंबर से ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का आगाज होने जा रहा है। नवा रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ करेंगे।

कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एवं डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के अध्यक्ष कपिल देव और पीजीटीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमनदीप जौहल विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। आयोजकों को उम्मीद है कि इस प्रतियोगिता से नवा रायपुर को राष्ट्रीय स्तर पर गोल्फ और खेल पर्यटन के नए केंद्र के रूप में पहचान मिलेगी।

शाम 3:05 बजे होगा सेरेमोनियल टी-ऑफ

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम 3:05 बजे सेरेमोनियल टी-ऑफ कर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत करेंगे। इसके बाद वे खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे और प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया जाएगा। बाद में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री और आयोजन से जुड़े अतिथि प्रतियोगिता के उद्देश्य और संभावनाओं की जानकारी साझा करेंगे।

खेल पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का उद्देश्य प्रदेश में गोल्फ के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने के साथ उभरते खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। आयोजन के जरिए नवा रायपुर की आधुनिक खेल अधोसंरचना और सुविधाओं को देशभर में पहचान दिलाने का प्रयास भी किया जा रहा है। इससे देश के विभिन्न हिस्सों से खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और पर्यटकों के छत्तीसगढ़ आने की संभावनाएं बढ़ने की उम्मीद है।