दुर्ग। अमलेश्वर पुलिस ने जमीन की खरीद-बिक्री के नाम पर कथित धोखाधड़ी और कूटरचना के मामले में तीन लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर शासकीय भूमि से अधिक क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग की और एक ही जमीन को कई लोगों को कई बार बेचकर दर्जनों खरीदारों से लाखों रुपये की ठगी की।


पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक रायपुर के धनलक्ष्मी नगर निवासी अहमद अली (52) की शिकायत पर पींकू घोष, नरेश दमोहे और राजेश चंद्राकर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। तीनों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।


शिकायतकर्ता ने बताया कि वर्ष 2013 में घर बनाने के लिए जमीन की तलाश के दौरान उसकी मुलाकात राजेश चंद्राकर से हुई थी, जिसने स्वयं को ‘संचय डेवलपर्स एंड प्रमोटर्स’ का प्रतिनिधि बताते हुए ग्राम मोतीपुर, अमलेश्वर में टीएनसी स्वीकृत प्लॉट बेचने की जानकारी दी थी।